Wednesday, October 21st, 2026

शिकायत की जांच करने गई पुलिस टीम पर हमला 

कानपुर
महिला उत्पीड़न की शिकायत पर जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर एक दर्जन से ज्यादा लोगों ने पत्थराव कर दिया। इस हमले में कहिंजरी चौकी इंचार्ज, हेड कांस्टेबल व विवाहिता घायल हो गए। तो वहीं, महिला के ससुराल वालों ने इस दौरान कहिंजरी चौकी इंचार्ज की पिस्टल और सिपाही की बंदूक भी छीन ली। पुलिस पर हुए हमले की सूचना पर कई थानों की पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल सब इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल को इलाज के लिए रिजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया है। इस घटना को अंजाम देने के बाद महिला के ससुराल वाले मौके से फरार हो गया है। क्या है पूरा मामला ये मामला कानपुर देहात के थाना रसूलाबाद क्षेत्र के भीखदेव कहिंजरी गांव का है। 

प्राप्त समाचार के मुताबिक, कहिंजरी गांव के रहने वाले आजाद अली की बेटी शाह बेगम (26) का निकाह भीखदेव कहिंजरी के रहने वाले अमजद अली के साथ हुआ। दो साल पहले शाह बेगम ने पति व ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर के निर्देश पर कहिंजरी चौकी इंचार्ज ने पीड़िता के ससुर रफीक अली को थाने बुलाकर समझाया जिसपर वह बहू को साथ रखने पर राजी हो गया। शनिवार देर शाम चौकी इंचार्ज गजेंद्र पाल व हेड कांस्टेबल समर सिंह अपने साथ शाह बेगम को लेकर ससुराल पहुंचे तो वहां ससुराल वालों ने पहले मुकदमा वापस लेने की मांग रख दी। पुलिस टीम पर किया पत्थराव इस पर विवाद के बाद रफीक अली, अमजद अली व परिवारीजनों ने पुलिस टीम पर पत्थराव कर दिया। जिसमें चौकी इंचार्ज गजेंद्र पाल, हेड कांस्टेबल समर सिंह व पीड़िता शाह बेगम घायल हो गए। 

डीआईजी प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि सब इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल को चोट लगी हैं जिन्हें पहले सीएचसी में फर्स्ट ऐड दिलाने के बाद रिजेंसी भेजा गया है। दोनों की हालत स्थिर है। होश में हैं और बात कर रहे हैं। पुलिस पर घात लगाकर किया हमला डीआईजी ने आगे बताया कि मामले को लेकर एसपी देहात से बात हुई है। आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। एडीजी जोन कानपुर ने बताया, 'वे लोग दुर्दांत किस्म के थे और हमारी चौकी के लोगों पर पीछे से घात लगाकर हमला किया। जिन्होंने हिंसक घटना की थी उन्हें चिन्हित कर लिया है। टीम बनाकर उनकी तलाशी की जा रही है।'
 

 

#पुलिस टीम पर हमला 

Source : Agency

पाठको की राय